डीएम और एसएसपी ने किया एयरपोर्ट का निरीक्षण, मेयर भी पहुंचे
विज्ञापन
तकनीकी टीम ने भी लिया जायजा, सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त मिलीं
बरेली। एयरपोर्ट से पहली उड़ान में अब सिर्फ एक सप्ताह शेष बचा है। घोषित कार्यक्रम के मुताबिक अगले सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बरेली से पहली बार यात्री विमान उड़ान भरेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी बरेली आने की संभावना जताई जा रही है। इस वजह से सोमवार को डीएम, एसएसपी और सीडीओ अचानक एयरपोर्ट का निरीक्षण करने पहुंचे। इसके अलावा दिल्ली से पहुंची तकनीकी टीम ने भी एयरपोर्ट का जायजा लिया।
बरेली एयरपोर्ट से आठ मार्च को हवाई यात्रा की शुरुआत होनी है और इस मौके पर प्रशासन में सीएम योगी आदित्यनाथ के भी बरेली आने की सुगबुगाहट है। इसी कारण सोमवार दोपहर डीएम नितीश कुमार, एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और सीडीओ चंद्रमोहन गर्ग एयरपोर्ट पहुंचे। तीनों अफसरों ने एयरपोर्ट निदेशक राजीव कुलश्रेष्ठ से तैयारियों के संबंध में विचार विमर्श किया। इसके अलावा भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत प्रचालन एविएशन सेफ्टी एवं जीएम सिविल ने भी टर्मिनल बिल्डिंग में सभी सुविधाओं एवं तैयारियों का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे के मद्देनजर मेयर उमेश गौतम भी तैयारियाें का जायजा लेने एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट निदेशक ने इस दौरान मेयर से पार्किंग एरिया में फ्री सुलभ शौचालय बनवाने और सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी देखी गई है। एयरपोर्ट पर 40 प्रशिक्षित पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। लगेज स्कैनर समेत सारी व्यवस्थाएं दुरुस्त हैं। उन्होंने बताया कि आठ मार्च को मुख्यमंत्री स्टेट प्लेन या हेलीकॉप्टर से एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उनके आने के बाद दिल्ली से हवाईजहाज आएगा।