बरेेली। पर्यावरण दिवस पर रविवार को शहर के दो तिराहों पर आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मॉनिटरिंग सिस्टम) के तहत ई चालान की प्रक्रिया शुरू हो गई। स्मार्ट कैमरों ने पहले दिन दोनों तिराहों पर 1405 लोगों को यातायात नियमों का उल्लंघन करते पकड़ा। इनसे बतौर जुर्माना न्यूनतम एक हजार रुपये की वसूली की जाएगी। यानी पहले ही दिन दो तिराहों पर 14 लाख से ज्यादा राजस्व की कमाई हो गई।
शहर अभी पूरी तरह स्मार्ट सिटी तो नहीं बन पाया लेकिन स्मार्ट सिटी मिशन के तहत रविवार को दो तिराहों पर आईटीएमएस चालू कर दिया गया। इसके लिए शहर के तमाम चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल के साथ सैकड़ों हाईटेक कैमरे लगाए गए हैं जिनका कंट्रोल रूम नगर निगम में बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से इन कैमरों की कई थानों में भी कनेक्टिविटी दी गई है। काफी समय से आईटीएमस को शुरू करने की कोशिश की जा रही थी लेकिन शहर भर में सड़कों पर भारी अतिक्रमण, अस्तव्यस्त निर्माण कार्य और जेब्रा लाइन, साइड कट और डिवाइडर जैसे काम अधूरे पड़े होने के कारण अफसरों को यह इरादा टालना पड़ा। फिर भी पर्यावरण दिवस से सौ फुटा रोड और इज्जतनगर स्टेशन तिराहे समेत दो तिराहों पर आईटीएमएस की शुरुआत कर दी गई।
एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने बताया कि आईटीएमएस के जरिए ई चालान की प्रक्रिया के तहत पहले दिन सौ फुटा रोड तिराहे पर 1167 और इज्जतनगर स्टेशन तिराहे पर 238 वाहनों का यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर चालान कटा है। ये सभी चालान एक हजार रुपये के हैं। इस तरह इन दोनों तिराहों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से पहले दिन कुल मिलाकर 14 लाख पांच हजार रुपये का राजस्व अर्जित होगा।
इन नियमों को तोड़ने पर ई चालान : बगैर हेलमेट बाइक चलाना, बगैर सीट बेल्ट लगाए कार ड्राइविंग और रेड लाइट जंप करने पर।
वाहनों से लिंक फोन नंबर पर भेजे मेसेज
एसपी ट्रैफिक ने बताया कि जिन वाहन स्वामियों के फोन नंबर रजिस्टर्ड हैं, उन्हें ई चालान की सूचना मेसेज के माध्यम से भेेज दी गई है। जिन वाहनों के मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड नहीं हैं, उनको उनका कार्यालय पते के आधार पर सूचना भेजेगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही ट्रैफिक पुलिस वाहन स्वामियों के मोबाइल नंबर को रजिस्टर्ड कराने का अभियान भी शुरू करेगा।
सबसे ज्यादा चालान रेड लाइट जंप और हेलमेट न लगाने पर
रविवार को पहले दिन दो तिराहों पर सबसे ज्यादा चालान बगैर हेलमेट लगाए बाइक चलाने और रेड लाइट से पहले रुकने के लिए बनाई गई जेब्रा लाइन को क्रॉस करने वालों के कटे हैं। यह अलग बात है कि दोनों तिराहों पर जेब्रा लाइन बनाने के बजाय एक सफेद लाइन खींचकर औपचारिकता पूरी कर दी गई है। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 764 चालान हेलमेट न लगाने और 456 चालान रेड लाइट जंप करने पर हुए हैं।
ट्रैफिक पुलिस की नजर अब ट्रिपल राइडिंग करने वालों पर, काटे चालान
हेलमेट, सीट बेल्ट और रेड लाइट जंप पर आईटीएमएस के माध्यम से ई चालान की शुरुआत के साथ ट्रैफिक पुलिस ने ट्रिपल राइडिंग करने वालों के खिलाफ मैनुअल चालान करने का अभियान शुरू कर दिया। रविवार को ट्रैफिक पुलिस ने सौ फुटा और इज्जतनगर स्टेशन तिराहे के पास ही सड़क पर खड़े होकर कई चालान काटे। एक तरफ आईटीएमएस और दूसरी तरफ ट्रैफिक पुलिस के चालान से बाइक पर चलने वाले लोगों पर पूरा दिन काफी भारी गुजरा। अधिकारियों का कहना है कि अब ट्रैफिक नियमों का पालन कराना उनकी प्राथमिकता रहेगा। उम्मीद है कि इससे हादसों में कमी आएगी और जनजीवन के साथ पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा।
पब्लिक को यातायात नियमों के प्रति जागरूक होने की जरूरत
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि यातायात नियमों के प्रति जनता को जागरूक होने की जरूरत है। पुलिस जल्द ही कुछ सामाजिक संस्थाओं का सहयोग लेकर चौराहों और सड़कों के अलावा कॉलेजो में जागरूकता अभियान चलाएगी।
एसएसपी ने बताया कि रविवार को ई चालान शुरू होने की जानकारी पहले से दे दी गई थी। कई बार समाचार पत्रों के माध्यम से भी बताया गया। इसके बावजूद रविवार को ट्रैफिक नियमों का जिस तरह उल्लंघन हुआ है, वह सबसे अधिक चिंता का विषय है। एसएसपी ने कहा कि मतलब साफ है कि जनता यातायात के नियमों से अनजान है और उसे जागरूक करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए पुलिस अपने स्तर से समाजिक संस्थाओं से बात करेगी। इसके साथ ट्रैफिक पुलिस के माध्यम से भी सड़कों, चौराहों और कॉलेजो में जाकर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब धीरे-धीरे पूरे शहर में कैमरों से ई-चालान की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।