बरेली। सुभाषनगर थाना पुलिस ने बुधवार रात एक बजे बदायूं रोड पर मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के मुताबिक पकड़ा गया बदमाश इज्जतनगर निवासी पारस है। उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में आठ मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
सीओ सोनाली मिश्रा ने बताया कि सुभाषनगर इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह बुधवार रात बदायूं रोड पर एक पेट्रोल पंप के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान करगैना रोड बीडीए गेट की ओर से संदिग्ध बाइक सवार आता हुआ दिखा। पुलिस टीम को देखकर उसने पेट्रोल पंप से कुछ आगे कच्चे रास्ते की ओर बाइक दौड़ा दी।
पुलिस ने पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस बीच एक गड्ढे के पास बाइक फिसल गई और वह गिर गया। खुद को घिरता देख संदिग्ध ने फिर से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी बाएं पैर में गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया जा सका। पूछताछ में उसने अपना नाम इज्जतननगर निवासी पारस बताया है।
सीओ ने बताया कि आरोपी के पास तमंचा, दो कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक मिली है। इंस्पेक्टर सुभाषनगर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पुलिस मुठभेड़ व जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। संवाद