फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: अपनी ही बस पर कराई फायरिंग और तोड़फोड़, दो गिरफ्तार

Mon, 20 Jul 2026 12:58 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
मीरगंज। दिल्ली हाईवे के एक ढाबे के पास खड़ी बस में तोड़फोड़ और फायरिंग की गई। पुलिस की जांच में भेद खुला कि बस मालिकों ने रामपुर जिले में झगड़े के बाद हुई कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए क्राॅस रिपोर्ट कराने के लिए अपनी बस पर अपने ही लोगों से हमला कराया था। पुलिस ने पांच नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ड्राइवर व कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन


नल नगरिया चौराहे के पास शनिवार रात साढ़े बारह बजे एक ढाबे पर निजी बस खड़ी थी। इस दौरान यहां आए कुछ हमलावरों ने बस पर अवैध असलहों से फायरिंग शुरू कर दी। बस के कुछ शीशे डंडे मारकर तोड़ दिए। करीब आधा घंटा बाद मीरगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि लखीमपुर खीरी से दिल्ली जा रही निजी बस में करीब 40 यात्री सवार थे। उन्होंने ढाबे पर खाना खाया। कुछ लोग बस में ही बैठे थे, जबकि बाकी खाना खाकर बस की तरफ आ रहे थे।
इसी दौरान रामपुर की ओर से लाल रंग की कार आकर रुकी। उसमें सवार 5-6 लोगों ने हथियारों से बस पर फायरिंग कर दी। इससे यात्री सहम गए और चीखते हुए ढाबे की ओर भागने लगे। सीओ मीरगंज अजय कुमार मौके पर पहुंचे। यहां मिले बस ड्राइवर अरबाज व कंडक्टर बिलाल ने उन्हें बताया कि दूसरी बस के प्रबंधन के लोगों ने ये हमला कराया है।
विज्ञापन

सीओ अजय कुमार की जांच में सामने आया कि मेरठ के शास्त्री नगर निवासी शुभम चौधरी की शुभम ट्रेवल्स व हापुड़ के टीपू की अमन ट्रेवल्स दिल्ली व अन्य रूटों पर निजी बसों का संचालन करती हैं। सवारियां बैठाने को लेकर दोनों पक्षों में पुरानी रंजिश है। शनिवार रात दस बजे जब दोनों की बसें दिल्ली से बरेली की ओर आ रही थीं, मिलक (रामपुर) में शुभम की बस पर अमन की बस के स्टाफ ने हमला व तोड़फोड़ कर दी। शुभम पक्ष ने मिलक थाने में बस संचालकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसी का बदला लेने के लिए अमन ट्रेवल्स के स्टाफ ने अपनी ही बस पर हमला करवाकर यह साजिश रची। ढाबे पर बस रोककर फर्जी मामला बनाने की कोशिश की। मकसद फायरिंग कर दहशत फैलाना और दूसरे पक्ष को झूठा फंसाना था। हालांकि जीपीएस व टोल की जांच में झूठ बेनकाब हो गया।
जीपीएस और टोल के फुटेज से खुली पोल
सीओ मीरगंज अजय कुमार ने बताया कि उन्होंने मौके पर जाकर जांच की। फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पर बस 10:32 बजे आई थी, जबकि ढाबे पर हुई घटना 1:04 बजे की बताई गई। बस करीब 11:30 पर ही ढाबे पर आ गई थी और यात्री बस बढ़ाने के लिए कह रहे थे। इन लोगों ने साढ़े 12 तक बस सिर्फ इसलिए वहां खड़ी रखी, ताकि उनके साथी कार से आकर हमला कर सकें। इस अंतराल ने संदेह उत्पन्न किया है। आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने बस मालिकों के कहने पर ऐसा किया। उनका उद्देश्य था कि कोई और बस इन मार्गों पर न चले।
बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित
सीओ अजय कुमार ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की हैं। थाने के उपनिरीक्षक पंकज कुमार ने फर्जी मुकदमा लिखाने और फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बस के परिचालक बिलाल, चालक अरबाज, बस मालिक टीपू चौधरी, फैंसल, फकरू और चार अज्ञात लोग शामिल हैं। पुलिस ने चालक अरबाज और परिचालक बिलाल को गिरफ्तार कर लिया है। उनको सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें