बरेली। 18 लाख से ली गई जलौनी की अतिरिक्त लकड़ी के भुगतान की 28 फाइलें गुम होने के मामले में बृहस्पतिवार को नगर निगम की ओर से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने से पहले प्रकरण को लेकर हुई जांच, बयान और कार्रवाई संदेह के घेरे में आ गई है।
इस मामले में एक्सईएन पर पूर्व में आरोप लगे थे। बाबू, जेई और सहायक अभियंता ने फाइलें बनाकर एक्सईएन को हस्ताक्षर करने के लिए सौंपने की बात कही है। वह फाइल एक्सईएन कार्यालय से चोरी हुई है लेकिन रिपोर्ट दर्ज हुई तो किसी के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज नहीं कराई गई। रिपोर्ट दर्ज होेने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्राप्त की हुई तीन फाइलों को लौटा चुके हैं एक्सईएनः नगर निगम कर्मचारियों के बयानों में तीन अन्य फाइलों का भी जिक्र था, इसमें जीएसबी की एक और नाली मरम्मत एवं पुलिया की फाइलें शामिल थीं। बयानों में कहा गया था इन फाइलों को एक्सईएन ने गाड़ी में रखवा लिया था।
हालांकि इसको काफी समय तक नहीं दिया गया। लखनऊ अटैच होने के बाद जब जांच में बयान हुए तो उन्होंने लिखित में प्राप्त की तीन फाइलों को लौटा दिया। यह फाइलें भी तब लौटाई गई थीं, जब वह लखनऊ मुख्यालय से अटैच होने के बाद वह नगर निगम में घूम रहे थे। संवाद