बरेली। दिवाली पर रविवार शाम से सोमवार तड़के तक शहर में दस जगह आग लगी। दमकल टीम ने सात पर काबू पाया, जबकि तीन जगह स्थानीय लोगों ने आग बुझाईं।
सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि आठ नवंबर की रात सिविल लाइंस में कबाड़ में आग लगी। मॉडल टाउन में रविंद्र सिंह की दुकान की छत पर पड़े कबाड़ में भी आग लगी थी। किला थाना क्षेत्र के कमला मेन्नान अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 101 में भीषण आग लगी। अत्यधिक धुआं होने के कारण दमकल कर्मियों को उपकरण पहनकर काम करना पड़ा। पीलीभीत बाइपास रोड पर शंकरा मार्बल्स एंड टाइल्स दुकान में आग लगी। इस अग्निकांड में एक बाइक, लैपटॉप और कुछ रुपये जल गए। हाफिजगंज में रामपाल के घर में घरेलू सामान जला। ईधजागीर में शिवपाल के घर में एलपीजी सिलिंडर में आग लगी, जिसे बुझाया गया।
अस्पताल में लगी आग कर्मचारियों ने ही बुझाई
साई आई केयर हॉस्पिटल में लगी आग को अस्पताल के कर्मचारियों ने ही बुझा लिया। उन्होंने अग्निशमन सिलिंडर और पानी की सहायता से आग पर काबू पाया। शीशगढ़ रोड पर ग्राम उनई में घर में लगी आग स्थानीय जनसमूह ने बुझा दी। बहेड़ी में न्यू तड़का होटल और देवरनिया में पुआल की आग भी स्थानीय लोगों ने बुझाई।