बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में दूध कारोबारी ने पुरानी रंजिश को लेकर एक शख्स पर फायरिंग का आरोप लगाया है। प्रेमनगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
चंदपुरी मोहल्ला निवासी दूध कारोबारी मानसिंह राठौर के मुताबिक, वह साइकिल पर चोकर की बोरी लेकर अपने घर जा रहे थे। रास्ते में पूर्वान्ह 11 बजे सिटी हॉस्पिटल के पास भगवत सरन प्रजापति ने उन्हें रोककर गाली-गलौच शुरू कर दी। इसके बाद लाइसेंसी रिवॉल्वर निकालकर उनके ऊपर दो फायर कर दिया, जिसमें वह बाल-बाल बच गए। मानसिंह ने बताया कि भगवत सरन से उनकी काफी दिन से रंजिश चल रही है। उसने झूठी शिकायतें कर उनकी कंफेक्शनरी शॉप बंद करा दी। अब वह रेलवे लाइन किनारे डेयरी चलाकर दूध का कारोबार करते हैं।
मानसिंह की तहरीर पर पुलिस ने भगवत सरन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। आरोपी को भी हिरासत में ले लिया है। वहीं, भगवत सरन ने बताया कि वह अपने भाई की दुकान पर बैठे थे। तभी मानसिंह और उसके दो बेटे विक्की और विकास वहां आए और उनके ऊपर हमलावर हो गए। उन्होंने आत्मरक्षा में अपनी रिवॉल्वर से दो हवाई फायर किए। उन्होंने बताया कि आठ अगस्त, 2014 को इन लोगों ने उन पर जानलेवा हमला किया था। उनकी पुश्तैनी जमीन को मानसिंह खरीदना चाहते थे, इसलिए उनसे रंजिश मानते हैं। इंस्पेक्टर प्रेमनगर देवेश सिंह ने बताया कि अगर भगवत सरन भी तहरीर देंगे तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। उनकी रिवॉल्वर जब्त कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर लाइसेंस निरस्तीकरण की संस्तुति की जाएगी।