उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में कलक्ट्रेट स्थित राष्ट्रीय सूचना सेंटर (एनआईसी) में सोमवार की दोपहर दो बजे शार्ट सर्किट से आग लग गई। इससे वहां भगदड़ मच गई। इस दौरान एसडीएम सदर समेत आसपास के कई दफ्तर खाली करा लिए गए।
मौके पर पहुंची फायर बिग्रेड की चार गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से करीब डेढ़ करोड़ का नुकसान होने की आशंका है। सोमवार की सुबह 10 बजे से मुख्यमंत्री की वीडियो कांफ्रेंसिंग थीं। डीएम समेत कई अधिकारी राष्ट्रीय सूचना सेंटर (एनआईसी) में कार्यक्रम के बाद 11 बजे लौट आए।
एनआईसी के एडीआईओ महेंद्र कुमार ने बताया कि आग दोपहर करीब दो बजे लगी। वे अपने कक्ष में अन्य कर्मचारियों के साथ बैठे हुए थे। अचानक वीसी रूम के बगल में स्थित सर्वर रूम से धुआं निकलता देखा। जब तक वे कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचते, तब तक आग ज्यादा फैल गई और धुआं भर गया।
आग वीसी रूम होते हुए पूरे भवन में आग फैल गई। वीसी रूम में लकड़ी का फर्नीचर रखा होने से आग और तेज हो गई। इस दौरान कर्मचारियों ने कार्यालय में लगे दो अग्निशमन यंत्रों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन धुआं और लपटों के आगे वह बेबस दिखे। इससे कलक्ट्रेट परिसर में अफरातफरी मच गई।