दिल्ली हाईवे पर शनिवार दोपहर टोल प्लाजा के पास बरेली मरीज छोड़कर शीशगढ़ जा रही 108 एंबुलेंस में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। चालक और एएमटी ने एंबुलेंस से कूदकर जान बचाई। सूचना पर जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची एंबुलेंस पूरी तरह चल गई। हालांकि घटना के वक्त एंबुलेंस में कोई मरीज नहीं था।
जनपद अमरोहा के रहने वाले राजेंद्र कुमार मीरगंज तहसील के शीशगढ़ इलाके में 108 एंबुलेंस पर बतौर चालक तैनात हैं। शनिवार को राजेंद्र शीशगढ़ से मरीज लेकर बरेली गए थे। दोपहर बाद वह बरेली से वापस शीशगढ़ जा रहे थे। दिल्ली हाईवे पर फतेहगंज पश्चिमी टोल प्लाजा पार करके एक मेडिकल कॉलेज के पास पहुंचे तभी स्टीयरिंग के पास शॉर्ट सर्किट होने से धुआं निकलने लगा। धूआं उठता देख उन्होंने एंबुलेंस सड़क किनारे रोक दी और अग्निशमन यंत्र से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग पूरी एंबुलेंस में फैल गई। इस पर चालक राजेंद्र और एंबुलेंस पर तैनात एएमटी कमलेश ने कूदकर जान बचाई।