ओम शारदा फार्म हाउस रिसॉर्ट में लगी आग
- फोटो : अमर उजाला
वजीरगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव स्थित ओम शारदा फार्म हाउस रिसॉर्ट के हॉल में शुक्रवार देर रात शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। प्रथम तल पर बने डिजाइनदार हॉल में लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आने से हॉल में लगे एसी, पंखे, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। हादसे में रिसॉर्ट संचालक को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
शुक्रवार की देर रात रिसॉर्ट के प्रथम तल पर बने हॉल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। हॉल में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया गया कि प्रथम तल पर बना हॉल आकर्षक और डिजाइनदार तरीके से तैयार किया गया था। इसमें कार्यक्रमों के लिए फर्नीचर, एसी, पंखे और सजावट का अन्य सामान लगा था।
आग इतनी तेजी से फैली कि हॉल में रखा अधिकांश सामान बचाया नहीं जा सका। फर्नीचर और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ हॉल की सजावट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना पर सीओ बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव और बिसौली थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। बरेली निवासी रिसॉर्ट मालिक के आने के बाद ही आग से हुए नुकसान का सही आकलन किया जा रहा है। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
सीएफओ रामराजा यादव ने की आग लगने की सूचना विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। एक गाड़ी बिसौली से और बदायूं से दो गाड़ियों ने पहुंच कर आग पर काबू पाया लिया। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं, सीओ बिसौली अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। रिसॉर्ट मालिक से जानकारी के बाद ही रिसोर्ट में नुकसान की स्थिति स्पष्ट होगी।