बरेली। बरेली कॉलेज के सामने स्थित रुई की दुकान में रविवार सुबह अचानक आग भड़क उठी। कुछ देर में लपटों ने बगल में स्थित स्टेशनरी शॉप को भी चपेट में ले लिया। जब तक दमकल टीम आई, दोनों दुकानों का काफी सामान राख हो गया। उधर, दोपहर बाद इज्जतनगर के रेस्टोरेंट में आग लग गई।
बरेली कॉलेज के सामने राजकुमार की रुई की दुकान है। सुबह नौ बजे इसमें आग लग गई। इस आग ने दुकान के अगले हिस्से में बने उनके बेटे की स्टेशनरी की दुकान को भी चपेट में ले लिया। कुछ देर में ही दोनों दुकानों का काफी सामान राख हो गया। स्थानीय लोगों ने बाल्टियों से पानी डालकर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन रुई की वजह से आग बार-बार भड़कती जा रही थी।
पास में ही स्थित सिविल लाइंस अग्निशमन केंद्र से एफएसओ संजीव यादव के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुंची। थोड़ी देर में ही दो बड़ी गाड़ियों और एक बाइक टैंक ने आग बुझा दी। एफएसओ ने बताया कि आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। स्टेशनरी की दुकान पर रखा काफी सामान, कंप्यूटर, फोटोस्टेट मशीन आदि जल गईं। ब्यूरो