सांसद असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उन पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप लगा है।
ऑल इंडिया मजलिस इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के नए प्रदेश महासचिव बने बरेली निवासी नदीम कुरैशी के खिलाफ प्रेमनगर थाने में पुलिस ने भावनाएं भड़काने की रिपोर्ट दर्ज करा दी। बाद में नदीम ने भी खुद को जान का खतरा बताकर इंस्पेक्टर को तहरीर दी है।
विज्ञापन
नदीम हाल ही में प्रदेश महासचिव बनकर लौटे हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों को गुंडे कहकर संबोधित किया। इसका वीडियो क्लिप वायरल हो गया। दरोगा वीरेश कुमार ने प्रेमनगर थाने में नदीम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
लिखा है कि नदीम के बयान से लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। इधर, नदीम कुरैशी ने थाने जाकर अजित सिंह नाम के युवक के खिलाफ तहरीर दी। आरोप लगाया कि वह उनका धड़ काटने की बात कहकर एक्स पर पोस्ट कर रहा है। उन्होंने प्रेमनगर थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी से सुरक्षा मांगी।