बरेली। सहकारी गन्ना समिति भुड़िया अमरिया के प्रभारी सचिव अतिवीर सिंह ने उत्तराखंड के सितारगंज में स्थित जेपीएन चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक अमर शर्मा, उनके चालक पुनीत व अज्ञात के खिलाफ पीलीभीत जिले के अमरिया थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। इन सभी पर पीलीभीत जिले का गन्ना अवैध तरीके से सितारगंज की ओर ले जाने का आरोप है।
जिला गन्ना अधिकारी यशपाल सिंह का कहना है कि जब-जब गन्ना रोका जाता है, तब प्रधान प्रबंधक और उनके कर्मचारी लड़ने पर आमादा हो जाते हैं। 25 दिसंबर को जब गन्ना रोका गया तो इन लोगों ने गाली-गलौज की और धमकाया। उप गन्ना आयुक्त के हस्तक्षेप के बाद शनिवार को रिपोर्ट कराई गई है। उन्होंने बताया कि यूपी का गन्ना उत्तराखंड जाने से रोकने के लिए पीलीभीत जिले से लगती उत्तराखंड की सीमा पर किच्छा के निकट, बहेड़ी की सिरसा चौकी और नदेली चौराहे पर टीमों को लगाया गया है। ये टीमें चौबीस घंटे निगरानी करेंगी, ताकि यहां का गन्ना दूसरे प्रदेश में न जाने पाए। अमर उजाला ब्यूरो