बरेली। पांच अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति से संबंधित फाइल लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता तक पहुंच गई है। लोक निर्माण विभाग मुख्यमंत्री के पास ही है। इसलिए फाइल मुख्यमंत्री कार्यालय तक जाएगी। इसके बाद ही विभागीय जांच और कार्रवाई होगी।
पुल से कार गिरने पर तीन लोगों की मौत के मामले में मुख्य अभियंता अजय कुमार ने लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड बदायूं के अधिशासी अभियंता नरेश कुमार, सहायक अभियंता मोहम्मद आरिफ व अभिषेक कुमार, अवर अभियंता अजय गंगवार और महाराज सिंह के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति के साथ जांच रिपोर्ट प्रमुख अभियंता को भेज दी है। अप्रोच रोड बहने के बाद भी आवागमन बाधित करने के लिए प्रभावी अवरोधक न लगाए जाने के लिए अभियंताओं को जिम्मेदार माना गया गया है। इस मामले में शासन स्तर से कार्रवाई होनी है। ब्यूरो