बरेली। आखिरकार सप्ताह भर पहले मांगी गई वित्तीय अनियमितता के आरोप संबंधी फाइल मंगलवार को एडी हेल्थ कार्यालय भेज दी गई। इसी बीच एडी हेल्थ का तबादला हो गया। लिहाजा अब फिर नए सिरे से जांच की जाएगी। प्रकरण से जुड़े लोगों के बयान होंगे। आरोप की बिंदुवार जांच के बाद रिपोर्ट शासन को सौंप दी जाएगी।
बीते सप्ताह शासन ने एडी हेल्थ को सीएमओ कार्यालय की ओर से मार्च के आखिरी सप्ताह में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से जुड़े लाखों के बिल का भुगतान वित्त एवं लेखाधिकारी के हस्ताक्षर के बिना करने का आरोप की जांच सौंपी। एडी हेल्थ ने जांच शुरू की और लेखाधिकारी को बयान दर्ज करने के लिए बुलाया, लेकिन जिन फाइलों के बिल भुगतान का आरोप था वे नहीं मिलीं। लिहाजा बयान दर्ज नहीं हो सके। शनिवार को एडी हेल्थ डॉ. पुष्पा पंत का तबादला हो गया और सोमवार को नवागत एडी हेल्थ डॉ. साधना अग्रवाल ने कार्यभार संभाल लिया। अब मामले की जांच फिर शुरू हो गई है। मंगलवार को सीएमओ ऑफिस से फाइल एडी हेल्थ कार्यालय भेजी गई। अब जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। संवाद