खुटार। बिजली का कटा हुआ केबल लोहे के दरवाजे में छू जाने से गांव चमराबोझी निवासी 32 वर्षीय विमला देवी की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। महिला की मौत की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई है।
गांव के सुखदेव वर्मा ने बताया कि बुधवार की सुबह वह मजदूरी करने खेत पर गए थे। पुत्री संध्या और आरुषि स्कूल गईं थीं। घर में उनकी पत्नी विमला देवी ही अकेली थीं। पड़ोस में रहने वाले लालबिहारी ने बताया कि विमला देवी ने बाहर से आकर घर का लोहे का दरवाजा खोला तो करंट की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
सुखदेव वर्मा के अनुसार, उन्होंने कुछ दिन पहले ही बिजली का कनेक्शन लिया था। चार दिन पूर्व लाइनमैन ने मीटर लगाया था और केबल को पोल से जोड़ा था। केबल लोहे के दरवाजे के ऊपर से अंदर गई थी। विमला देवी की मौत के बाद मौके पर भीड़ लग गई। किसी ने केबल काटकर दरवाजे से दूर किया। विमला देवी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।