पास ही ईंट भट्ठे पर सुलग रही भूसी से उठी चिंगारी की वजह से हुआ हादसा
विज्ञापन
फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने दो घंटे बाद आग पर पाया काबू
फैक्टरी मालिक और ईंट भट्ठा मालिक के बीच जमकर नोकझोंक
सीबीगंज। परसाखेड़ा में दिल्ली हाईवे के किनारे एक ईंट भट्ठे पर पड़ी सुलग रही भूसी से उठी चिंगारियों से पास ही प्लास्टिक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। अग्निशमन की चार गाड़ियों ने दो घंटे तक मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
परसाखेड़ा में भाजपा नेता डॉ. अनिल शर्मा के बड़े भाई अशोक शर्मा के भट्ठे पर शाम करीब पांच बजे ईंट पकाने के लिए डाले जा रहे कोयले की चिंगारी से पास ही पड़ी भूसी में आग लग गई। इसके बाद सुलगते भूसी के ढेर से उठी चिंगारी तेज हवा में उड़कर पास ही प्लास्टिक फैक्टरी में पहुंच गईं। इससे फैक्टरी के प्लास्टिक प्लांट में आग लग गई जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियाें ने फैक्टरी की दीवार तोड़कर आग पर काबू पाया। इसमें दो घंटे से भी ज्यादा समय लगा। इसके बाद जेसीबी से भूसी के ढेर को भी हटवाया गया।
इस दौरान फैक्टरी मालिक अनुभव की ईंट भट्ठा मालिक अशोक शर्मा से जमकर कहासुनी हुई। अनुभव का आरोप था कि उनके कई बार कहने के बावजूद भूसी नहीं हटाई गई। भट्ठा मालिक चाहते हैं कि वह फैक्टरी की जमीन उन्हें बेच दें। दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी के बीच अग्निशमन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने भी परसाखेड़ा चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह से फैक्टरी मालिक को तुरंत गिरफ्तार करने को कहा लेकिन चौकी इंचार्ज वहां से निकल गए। आग की लपटें प्लास्टिक फैक्टरी के बराबर टंडन ट्रांसपोर्ट परिसर में भी पहुंच गईं। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया।