बरेली के सराय खाम में प्लास्टिक गोदाम में लगी आग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
दहशत में आए लोगों में भगदड़ मची, फायर ब्रिगेड ने पाया काबू
बरेली। सराय खाम इलाके में घनी आबादी के बीच एक फर्नीचर गोदाम में बृहस्पतिवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने के बाद भगदड़ मच गई। फायर ब्रिगेड पहुंचने के बाद बमुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। आग बुझाने के बाद जांच की गई तो पता चला कि गोदाम में आग बुझाने का कोई मामूली इंतजाम तक नहीं था।
आजम नगर में रहने वाले फर्नीचर कारोबारी मोइन कुरैशी का सराय खाम में गोदाम है। मोइन के मुताबिक दोपहर करीब 12 बजे आग लगने की सूचना पर वह पहुंचे तो गोदाम से ऊंची लपटें उठ रही थीं। अफरातफरी के बीच उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी तो कुछ देर में तीन गाड़ियां पहुंच गईं जिन्होंने आधे घंटे बाद आग पर काबू पाया। मोइन के मुताबिक गोदाम में ग्राउंड फ्लोर पर रखा सारा फर्नीचर राख होने के साथ पहली मंजिल पर रखा सामान भी चपेट में आ गया। उन्होंने आसपास जल रहे कूड़े से उठी चिंगारी से आग गोदाम तक पहुंचने की आशंका जताई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि फर्नीचर गोदाम में आग से निपटने के लिए कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं किया गया था। घनी आबादी के बीच लगी आग पर अगर जल्द ही काबू पाया न जाता तो आसपास के घरों को चपेट में लेकर वह काफी बड़ा खतरा बन सकती थी। पुलिस के मुताबिक इस मामले में उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट दी जाएगी।