बरेली। शादी समारोह के दौरान जेवर चोरी होने के मामले में बारादरी पुलिस ने फहम लॉन के मालिक, मैनेजर और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी के आरोप का मुकदमा दर्ज किया गया है।
नेपाल के धनगढ़ी निवासी कारोबारी रामचंद्र गुप्ता के बेटे सोनू गुप्ता और कटरा चांद खां के रहने वाले किराना व्यापारी सुरेश चंद्र गुप्ता की बेटी रुचि गुप्ता की शादी का कार्यक्रम फहम लॉन में बृहस्पतिवार की रात को चल रहा था। द्वार पूजन की रस्म के दौरान दूल्हा के कमरे में रखा काले रंग का बैग चोरी हो गया था। रामचंद्र गुप्ता ने बताया बैग में 75 हजार रुपये की नगदी और करीब पंद्रह लाख रुपये का जेवर था। यह जेवर वह दुल्हन को चढ़ाने के लिए लाए थे। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध भी नजर आया था। इंस्पेक्टर बारादरी कमरुल हसन ने बताया कि इस मामले में फहम लॉन के मालिक आरिफ और उनके मैनेजर के अलावा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी के आरोप की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश की जा रही है।