बरेली। किसान दिवस में बुधवार को छुट्टा गोवंश, खाद की किल्लत और बकाया गन्ना मूल्य भुगतान जैसे मुद्दे छाए रहे। किसानों ने सीडीओ को बताया कि खेती करना मुश्किल हो रहा है। खाद न मिलने से फसलें प्रभावित हो रही हैं।
विकास भवन सभागार में हुए किसान दिवस में बकाया गन्ना मूल्य का मामला सामने आने पर सीडीओ देवयानी ने जिला गन्ना अधिकारी को तत्काल भुगतान कराने के लिए कहा। गन्ना अधिकारी दिलीप कुमार सैनी ने सीडीओ को बताया कि चीनी मिल पर बकाया भुगतान के संबंध में आरसी की कार्रवाई चल रही है। चीनी मिल की संपत्ति की नीलामी तहसील स्तर से हो रही है।
नवाबगंज के गांव पंडरी नौमहिला के छेदालाल गंगवार ने कहा कि उनके क्षेत्र में छुट्टा गोवंशों की संख्या काफी बढ़ गई है। चौधरी सोमवीर सिंह ने सीडीओ को बताया कि सहकारी सोसाइटी से यूरिया-डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
निजी खाद विक्रेता एक बोरी उर्वरक के साथ में किसानों को जिंक, जायम आदि उत्पाद जबरन दे रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन (शंकर) के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह ने पीडब्ल्यूडी से अलीगंज-सिरौली मार्ग को सही कराने की मांग की।
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. आरएल सागर ने धान की फसल में लग रहे पत्ता छेदक के बारे में बताया। सीडीओ ने अधिकारियों से कहा कि किसानों से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय से करें। संवाद