फतेहगंज पूर्वी। अंधरपुरा फीडर से फतेहगंज पूर्वी विद्युत उपकेंद्र पर आने वाली 33 केवी हाईटेंशन (एचटी) लाइन पर मंगलवार दोपहर एक बजे के करीब हल्की बूंदाबांदी और तेज हवा चलने के बीच जब बिजली आपूर्ति शुरू हुई तो फॉल्ट हो गया। इसके बाद अंधरपुरा में ट्रिपिंग क्वाइल जल गई, जिसके कारण कस्बे से लेकर देहात क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति दस घंटे के लिए बाधित हो गई।
विद्युत निगम के कर्मचारी हाईटेंशन लाइन पर फॉल्ट तलाशने निकले तो देखा कि हाईटेंशन लाइन के तारों पर पेड़ की टहनी गिरी हुई थी, जिसकी वजह से आपूर्ति चालू करने पर अंधरपुरा फीडर की मशीनों में फॉल्ट हो गया। शाम छह बजे तक विद्युत आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई थी।वहीं, देहात में सुबह दस बजे से रोस्टिंग कटौती के कारण विद्युत आपूर्ति बंद थी, लेकिन फॉल्ट होते ही करीब दस घंटे तक ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत आपूर्ति बंद हो गई थी।
अवर अभियंता फतेहगंज पूर्वी राम सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन में तारों पर टहनी गिरने से अंधरपुरा विद्युत उपकेंद्र पर मशीनों में फॉल्ट हो गया था। मरम्मत कार्य कराकर आपूर्ति सुचारु कर दी गई है। संवाद
-
तहसील रोड पर लटक रही विद्युत केबल, प्रदर्शन
मीरगंज। तहसील रोड पर वर्षों से लटकती विद्युत केबल बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। सोमवार की देर रात इसी लटकती केबल में डीसीएम फंस गई, जिससे फॉल्ट हो गया। तेज आवाज और चिंगारी निकलने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय सड़क किनारे कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों ने बताया कि ऐसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं, लेकिन बिजली विभाग के अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हैं।
मोहल्ला ललितपुर और राजेंद्र नगर के लोगों ने मंगलवार को सड़क पर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती। एसडीओ सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में है। जल्द ही खंभा लगवाकर केबल को ठीक किया जाएगा। नारेबाजी करने वालों में राकेश शर्मा, त्रिलोकी सिंह, योगेश सिंह, महेश, सखावत खान, मोहम्मद अहमद, सत्येंद्र सिंह आदि शामिल रहे। संवाद