बृहस्पतिवार रात ठप हुई आपूर्ति 11 घंटे के बाद शुक्रवार सुबह हो सकी चालू
बरेली। दोहना से आने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने के कारण बृहस्पतिवार रात 11 बजे शहर के डेलापीर, राजेंद्रनगर व दुर्गानगर उपकेंद्र ठप हो गए। शुक्रवार सुबह 10 बजे आपूर्ति चालू हो सकी। इस दौरान 11 घंटे तक आपूर्ति ठप होने से 10 हजार से ज्यादा उपभोक्ता परेशान हुए। इधर, लोकल फॉल्ट को लेकर भी शिकायतें रहीं।
शहर को 24 घंटे बिजली आपूर्ति के लिए एक साल से काम चल रहे हैं। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद आपूर्ति में सुधार नहीं हो रहा। सर्दियों के सीजन में भी फॉल्ट के कारण 10-12 घंटे तक कटौती हो रही है। दोहना से आने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने से डेलापीर, राजेंद्रनगर व दुर्गानगर उपकेंद्र बृहस्पतिवार रात ठप हो गए। किसी तरह बालीपुर ट्रांसमिशन से आने वाली 33 केवी लाइन से यहां आपूर्ति चालू की गई, लेकिन एक घंटे के बाद आपूर्ति फिर ठप हो गई। 33 केवी वर्टिकल की टीम को फॉल्ट तलाशने में ही कई घंटे लग गए। 11 घंटे बिजली कटौती से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने बताया कि दुर्गानगर, राजेंद्र नगर व डेलापीर उपकेंद्रों पर दिक्कत रही। दोनों लाइनो को सही करा आपूर्ति बहाल करा दी गई है। संवाद