बिथरी चैनपुर। लखीमपुर खीरी जा रही कार शनिवार सुबह नवदिया झादा चौराहे के पास टायर फटने सड़क किनारे खाई में पलट गई।
हादसे में कार सवार उमाशंकर मौर्य की मौत हो गई। वह अपने लापता बेटे को लेकर मुजफ्फरनगर से लौट रहे थे। वहीं, चालक समेत छह लोग घायल हो गए।
लखीमपुर जिले के थाना सिजौली के गांव रामपुर रतिया निवासी उमाशंकर मौर्य (65) खेती करते थे। कई दिन पहले उनका बेटा मान सिंह नाराज होकर घर से कहीं चला गया था। तलाश के बाद उन्हें पता चला कि उनका बेटा मुजफ्फरनगर में है।
बृहस्पतिवार रात वह बेटे लालू मौर्य, मनोज, लाल सिंह, दामाद अक्षय और गांव के ही चालक शांति यादव के साथ कार से लखीमपुर खीरी से बेटे मान सिंह को लेने मुजफ्फरनगर के लिए निकले थे।
शुक्रवार रात सभी लोग मान सिंह को लेकर लखीमपुर खीरी लौट रहे थे। शनिवार सुबह बरेली में नेशनल हाईवे पर नवदिया झादा चौराहे पर हादसा हो गया। इंस्पेक्टर आदेश कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार को सौंप दिया गया है। संवाद