आंवला। पांच दिसंबर को बहजुईया गांव निवासी युवक सोनपाल द्वारा पत्नी से विवाद के चलते जहर खाने व उपचार के दौरान मौत के मामले में उसके पिता ने पुत्रवधू सहित उसके मायका पक्ष के छह लोगों पर एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, युवक के पिता बेंचेलाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 22 वर्षीय उनके इकलौते बेटे सोनपाल की शादी कमलेश के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही बहू व उसके मायके वाले आए दिन बेटे को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते रहते थे। मायके वालों ने साल पहले घर में घुसकर बेटे की पिटाई भी लगाई थी। आरोपियों के द्वारा बेटे पर बदायूं जिले में एक झूठा मामला दर्ज कराया गया था। बेटे की पत्नी तभी से मायके में रहने लगी।
विपक्षी आए दिन बेटे से मामले में फैसला करने के बदले रकम ऐंठते रहते थे। उस पर जमीन बेचकर पांच लाख की रकम देने का दबाव बनाते थे। रकम न देने पर झूठे आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराने की धमकी देते थे। इन सब बातों से बेटा तनाव में रहने लगा और उसने चार दिसंबर को जहर खा लिया। पांच दिसंबर को बरेली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इंस्पेक्टर कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि कप्तान के आदेश पर आरोपी पत्नी कमलेश व कहलोटा जनपद बदायूं निवासी राजेश्वरी, अतर सिंह, यशवीर, बलराम व अर्जुन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।