तालाब में सिंघाड़े तोड़ते वक्त हुआ हादसा
नवाबगंज। तालाब में सिंघाडे़ तोड़ रहे एक ग्रामीण की नाव संतुलन बिगड़ने से पलट गई, जिससे उसमें बैठे व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं उसके बेटे को ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बचा लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया, लेकिन परिजन ने पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। बाद में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
ठिरिया सैदपुर गांव के धर्मपाल (32 वर्ष) मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। उनकी पत्नी नन्ही देवी के नाम प्रशासन की ओर से गांव में सरकारी तालाब पट्टे पर मिला है, जिसमें उन्होंने सिंघाडे़ की बेल डाली हुई है। मंगलवार को वह अपने आठ वर्षीय बेटे के साथ तालाब में नाव डालकर सिंघाडे़ तोड़ रहे थे। तभी अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। हादसे में धर्मपाल की मौत हो गई, जबकि बेटे पवन को बमुश्किल लोगों ने पानी से बाहर निकाल लिया।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया। परिजनों ने किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से मना कर दिया। मृतक की पत्नी नन्ही देवी, बेटे आकाश, पवन का रो-रोकर बुरा हाल है।