बरेली के रिठौरा से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक युवती ने अपने पिता के खिलाफ डीएम से शिकायत की। उसने कहा कि पिता ने शादी के बाद उसे उपहार नहीं दिए।
बरेली के रिठौरा में कोरोना महामारी के दौरान शादी के बाद उपहार नहीं देने का आरोप लगाते हुए युवती ने डीएम से अपने पिता की शिकायत की। इसके बाद उसके पिता ने हजारों रुपयों का गृहस्थी का सामान बेटी के घर भिजवा दिया। यह मामला कस्बे में चर्चा का विषय बना रहा।
विज्ञापन
शिकायतीपत्र में युवती ने बताया कि पिता ने कस्बे के मोहल्ला मोहनपुर निवासी युवक से 20 अप्रैल 2020 में उसकी शादी करवा दी थी। मायके से उन्हें विदा कर आश्वासन दिया गया था कि कुछ समय बाद ससुराल में घर-गृहस्थी के जरूरी उपहार पहुंचा देंगे, लेकिन पिता ने चार साल बीतने के बाद भी सुध नहीं ली।
शिकायत मिलने पर तहसील प्रशासन ने पिता से संपर्क कर बेटी को दिए वचन को पूरा करने के लिए कहा। इस पर पिता ने रविवार को टीवी, फ्रिज, वाशिंग मशीन सहित गृहस्थी का अन्य सामान लेखपाल दिनेश कुमार सिंह सहित दर्जनों लोगों के सामने ले जाकर बेटी को भेंट किया।