फरीदपुर। सीएएस इंटर कॉलेज के बाद छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज के प्रबंधन पर भी सरकारी जमीन पर कब्जे का आरोप लगा है। आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत के बाद हुई जांच में कब्जे की पुष्टि भी हो गई है।
नगर के सबीहउद्दीन ने दिसंबर, 2020 में आईजीआरएस पोर्टल पर की शिकायत में छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज पर जिला पंचायत की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया था। शासन के निर्देश पर कानूनगो और लेखपाल ने 23 दिसंबर, 2020 को मौके पर जाकर जांच की। इसमें सामने आया कि खाता संख्या 21 पर संक्रमणीय भूमिधर के रूप में जिला परिषद (अब जिला पंचायत) का नाम दर्ज है, लेकिन वहां कॉलेज प्रबंधन खेती करा रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि इस जमीन पर प्रयोगशाला का निर्माण शुरू हुआ था, लेकिन शिकायत के बाद काम रोक दिया गया। शासन को भेजे जवाब में कार्रवाई कर जमीन वापस लेने का हवाला दिया गया था लेकिन कार्रवाई अब तक नहीं हुई है।
जिला पंचायत से मुकदमे के बाद कोर्ट ने ऑर्डर किया था कि हमारे कब्जे को न तो हटाया जाएगा, न ही जमीन बेची जाएगी। कॉलेज की बिल्डिंग अंग्रेजों का डाक बंगला था। बाद में यहां पंचायतराज ट्रेनिंग सेंटर बनाया गया और फिर यह बिल्डिंग और जमीन विद्यालय के लिए दे दी गई। - सोहन लाल शर्मा, अध्यक्ष, छत्रपति शिवाजी इंटर कॉलेज प्रबंध समिति