बरेली। रामगंगानगर आवासीय योजना के लिए दो दशक पहले हुए जमीन अधिग्रहण का हाल देखकर किसान अब नई टाउनशिप के लिए जमीन देने के लिए किसान राजी नहीं हैं, लेकिन बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ने अपनी तैयारी तेज कर दी है। कागजी खानापूरी कर इसे अमलीजामा पहनाने की कवायद शुरू हो गई है। भूमि के स्वामित्व निर्धारण के लिए सोमवार को टीम गठित कर दी गई।
एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने बताया कि नायब तहसीलदार रिठौरा विदित कुमार की अगुवाई में सात सदस्यीय टीम गठित की है। यह टीम नई टाउनशिप के लिए नौ गांवों की 267.1925 हेक्टेयर जमीन को बीडीए के पक्ष में बेचने के लिए किसानों की सहमति और दरों के संबंध में रिपोर्ट तैयार करेगी। साथ ही, क्रय की जाने वाली जमीन के स्वामित्व की जांच करेगी। यह भी देखा जाएगा कि संबंधित जमीन पर किसी न्यायालय में कोई वाद विचाराधीन तो नहीं है।
इसके बाद एसडीएम सदर और उप निबंधक सदर-प्रथम यह रिपोर्ट क्रय दर निर्धारण समिति के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। दूसरी ओर, कलापुर की प्रधान गायत्री देवी के प्रतिनिधि राजेंद्र उर्फ बब्लू गंगवार का कहना है कि उनकी ग्राम पंचायत के किसान जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं हैं, लेकिन बीडीए इसके लिए दबाव बना रहा है।
जबरन जमीन लेना चाहता बीडीए
अहिलादपुर के प्रधान सियाराम साहू ने बताया कि कुछ दिन पहले बीडीए उपाध्यक्ष ने उन्हें बुलाया था, लेकिन अधिकारी किसानों की शर्तों पर तैयार नहीं हैं। सहमति पत्र पर जमीन की दर नहीं लिख रहे हैं। रामगंगानगर योजना में जमीन देने वाले किसानों का हाल देखकर किसान अपनी जमीन बीडीए को देने में डर रहे हैं। उनका कहना है कि मर जाएंगे, पर जमीन नहीं देंगे। अहिलादपुर और नवदिया कुर्मियान गांव लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर स्थित हैं। इसलिए, हाईवे किनारे की जमीनों की कीमत डेढ़ करोड़ रुपये बीघे हैं। बीडीए नवदिया कुर्मियान वालों की जमीन की कीमत 80 लाख और अहिलादपुर की हाईवे किनारे वाली जमीन की कीमत 69.73 लाख रुपये प्रति बीघे लगा रहा है। बताया कि अड़ूपुरा जागीर, हरहरपुर, मोहरनियां गांवों की जमीनें सस्ती हैं। इसलिए इन गांवों के कुछ लोग बीडीए को जमीन देने के लिए राजी हो गए हैं।
बीते छह माह के बैनामों के आधार पर होगा अधिग्रहण
27 अगस्त को हुई क्रय दर निर्धारण समिति की बैठक से संकेत मिले हैं कि बीते छह माह में हुए बैनामों को आधार बनाकर बीडीए नई टाउनशिप के लिए जमीन खरीदेगा। उप निबंधक प्रथम-सदर को संबंधित नौ गांवों में पिछले छह महीने में हुए बैनामों की छायाप्रतियां अगली बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश हुए हैं।
दावा : ग्रेटरी बरेली में बिक गए ज्यादातर भूखंड
27 अगस्त को डीएम की अध्यक्षता में हुई क्रय दर निर्धारण समिति की बैठक में बीडीए ने ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के सभी 12 सेक्टरों में ज्यादातर भूखंडों का विक्रय एवं आवंटन हो जाने का दावा किया। इस योजना को मोहनपुर उर्फ रामनगर, अहरौला, नवदिया झादा, वालीपुर अहमदपुर, कचौली, कन्थरी और इटौआ बेनीराम गांवों की 224.2530 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया गया है। संवाद