रिंग पिट विधि अपनाकर कमाई बढ़ाई
मझगवां विकास खंड के शिवनगर निवासी शिवेंद्र नाथ चौबे तीन वर्ष से रिंग पिट विधि से गन्ने की खेती करते हैं। प्रति बीघा 100 क्विंटल की पैदावार है। रिंग पिट विधि में दो फुट दायरे में डेढ़ फुट गहरा गड्ढा खोदा जाता है। वह बताते हैं कि प्रत्येक गड्ढे में 250 ग्राम डीएपी, 100 ग्राम सुपर फॉस्फेट, 100 ग्राम पोटाश व 50 ग्राम सागरिका डालते हैं। इससे तीन वर्ष तक के लिए गड्ढा तैयार हो जाता है। शिवेंद्र नाथ चौबे गन्ने के साथ मटर की सहफसल करते हैं।
उपज बढ़ाने में मददगार है ट्रंच विधि
अमरिया क्षेत्र के पस्तोर गांव के प्रगतिशील किसान जसकरन सिंह बाजवा कहते हैं कि उनके पास 22 हेक्टेयर खेती है। वह ट्रंच विधि से गन्ना पैदा करते हैं। बुआई के वक्त एक से दूसरी क्यारी के बीच की दूरी 56 इंच होती है। छोटे ट्रैक्टर से मिट्टी चढ़ाने का काम करते हैं। इस विधि से उनके खेत में 17 फुट तक ऊंची गन्ने की फसल तैयार होती है। उपज बढ़ाकर वह गन्ना विभाग से पुरस्कार पा चुके हैं। यूपी में औसतन 830 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की पैदावार है जबकि जसकरन सिंह 1200-1500 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की पैदावार ले रहे हैं। जसकरन ने गन्ने के साथ चने की सहफसल भी करते हैं।
घर बैठे 50-70 हजार रुपये तक कमा लेती हैं कुसुम
गन्ने की पौध बेचकर गुरसौली की कुसुम प्रत्येक सीजन में 50 से 70 हजार रुपये तक कमा लेती हैं। कोरोना काल में गन्ने की पौध तैयार करने की विधि उन्हें गन्ना विभाग ने ही सिखाई थी। उन्होंने गांव की 21 महिलाओं को जोड़कर अन्नपूर्णा स्वयं सहायता समूह बनवाया। समूह ने तीन वर्ष में सभी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया। गन्ना उत्पादक क्षेत्र में कैसे दूसरी महिलाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं? कुसुम भी संवाद में जुड़ेंगी और अपनी विधि महिलाओं के संग साझा करेंगी।