बरेली। 25 साल से नकली अफसर बनकर वसूली कर रहे राम प्रसाद यादव का सामना असली खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश से हो गया। मुकेश ने बात करने की कोशिश की तो आरोपी ने उल्टा उनको ही हड़का दिया। बोला- 25 साल से इसी इलाके में वसूली कर रहा हूं। एक बार जेल भी जा चुका हूं। मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ऐसी कार्रवाई से मुझे कोई फर्क भी नहीं पड़ता। मुकेश की तहरीर पर बारादरी थाने में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश ने बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय को बताया कि वह खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय में कार्यरत हैं। उनके कार्यक्षेत्र में डीडीपुरम, हजियापुर, संजयनगर, श्यामतगंज, जाटवपुरा नई बस्ती, माधोबाड़ी, गंगापुर आदि इलाके शामिल हैं। इन्हीं क्षेत्रों में राम प्रसाद यादव वसूली करता है। कई व्यापारी उसकी शिकायत कर चुके थे। जब उनकी राम प्रसाद से मुलाकात हुई तो उसने खुद ही 25 साल से इलाके में वसूली की बात स्वीकार करते हुए उनको धमकाया। इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
व्यापारी बोला - मांगे 50 हजार रुपये
पटेल चौक पर पिज्जा की दुकान चलाने वाले विशाल अग्रवाल ने भी राम प्रसाद यादव के बारे में पुलिस को बयान दिया है। उन्होंने बताया कि राम प्रसाद उनके पास आया और खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताकर पचास हजार रुपये की मांग की। जब विशाल ने इस बारे में स्थानीय अधिकारी को कॉल करके सूचना दी तो वह धमकी देकर भाग गया। विशाल ने इस बारे में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल से मिलकर भी शिकायत की। अब एफआईआर में यह शिकायत भी शामिल हो सकती है। ब्यूरो