स्वास्थ विभाग की टीम ने हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया।
- फोटो : विभाग
बरेली के मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के विभिन्न अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कई अनियमितताएं मिलीं। फैज और चंद्रकांति हॉस्पिटल को नोटिस दिया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह की अध्यक्षता में गठित विशेष टीम में डॉ. लईक अहमद, डॉ. अनुराग अग्रवाल और अमीर बेग शामिल रहे।
आयुष्मान कार्ड धारक से वसूले रुपये
टीम जांच के लिए फैज हॉस्पिटल, चंद्रकांति हॉस्पिटल और आईनोवा हॉस्पिटल पहुंचीं। फैज हॉस्पिटल में मरीज सितारा के परिजनों ने टीम को बताया कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद उनसे जांच के नाम पर करीब 6000 रुपये नकद वसूले गए। गांव नौगवां ठाकुरान निवासी मरीज सुनीता के नाम पर बिहार के अररिया जनपद का संदिग्ध आयुष्मान कार्ड लगा मिला, इसकी जानकारी स्वयं मरीज या उसके पति को नहीं थी।
बिना डिग्री के काम करते मिले कर्मचारी
अस्पताल प्रशासन अग्नि सुरक्षा (फायर एनओसी), बायो-मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से संबंधित कोई भी अनिवार्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। अस्पताल में बिना किसी नर्सिंग डिग्री के नगमा, अफसाना और हिदायत काम करते मिले। निरीक्षण के दौरान महिला स्टाफ द्वारा टीम के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। इसे गंभीरता से लेते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।