आंधी-बारिश के बाद फॉल्ट की झड़ी, कई इलाकों की बिजली आपूर्ति ठप
बरेली जिले में मंगलवार को तेज आंधी व पानी के चलते कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर दो बजे आंधी-वारिश शुरू होते ही शहर के ज्यादातर हिस्सों में बिजली आपूर्ति रोक दी गई। देहात क्षेत्र में भी यही हाल रहा। शाम को मौसम ठीक होने के बाद आपूर्ति शुरू की गई तो फॉल्ट के चलते कई मोहल्लों में बिजली पहुंची ही नहीं। इसके बाद फॉल्ट की तलाश करके उन्हें सही करने का काम शुरू किया गया।
इस काम में समय लगा। अंधेरा होने के चलते और दिक्कतें आईं।
फॉल्ट के चलते डेलापीर, हरुनगला, डीडीपुरम उपकेंद्र बंद कर दिए गए। बिहारीपुर सब्जी मंडी में एलटीसी ब्रांच कटवाकर आरडीएस का काम कराया जा रहा है। इसको लेकर यहां शटडाउन लिया गया था। काम पूरा होने के बाद भी यहां लाइन शुरू नहीं हो पाई। अधिशासी अभियंता 33 केवी राजवीर सिंह ने बताया कि बताया कि आंधी-बारिश के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से उपकेंद्रों को बंद किया गया था। आंधी-बारिश रुकते ही ज्यादातर इलाकों में आपूर्ति बहाल कर दी गई।