बरेली। जिला अस्पताल में फैक्टर 8, 9 खत्म होने से हीमोफीलिया के मरीजों पर फिर संकट मंडराने लगा है। शनिवार को हीमोफीलिया के मरीज अस्पताल पहुंचे तो उन्हें फैक्टर खत्म होने की जानकारी देकर हायर सेंटर रेफर किया गया। लिहाजा, लखनऊ तक चक्कर लगाने के लिए विवश हैं।
सप्ताहभर से जिला अस्पताल में फैक्टर की कमी है। हीमोफीलिया पीड़ितों को चोट लगे और खून का रिसाव बंद न हो तब फैक्टर की जरूरत पड़ती है। अस्पताल पहुंचने पर पीड़ित हायर सेंटर लखनऊ रेफर हो रहे हैं। हीमोफीलिया सोसायटी की अध्यक्ष रेखा रानी के मुताबिक पूर्व में जिला अस्पताल से शासन को एक हजार फैक्टर की डिमांड भेजी गई थी पर सिर्फ 200 ही मिले थे। अब वह भी समाप्त हो गए। अगर कोई पीड़ित गंभीर हादसे का शिकार होगा तो उसकी जान बचाना मुश्किल होगा। फैक्टर शासन से ही मिलते हैं, इसलिए लखनऊ जाना पड़ता है।
प्रभारी एडी एसआईसी डॉ. अजय मोहन के मुताबिक जिला अस्पताल में पिछले माह क्रमवार तीन बार फैक्टर आठ और नौ उपलब्ध कराने के लिए डिमांड भेजी गई है। सूचना है कि जल्द फैक्टर भेजे जाएंगे। पूर्व में जितने फैक्टर मांगे गए थे उसके सापेक्ष एक चौथाई ही उपलब्ध हुए। ब्यूरो