बरेली। रामपुर के इंपैक्ट कॉलेज ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक ने बाहरी परीक्षक पर रुपये मांगने और नहीं देने पर विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक अपलोड नहीं करने का आरोप लगाया है। इसमें संबंध में परीक्षा नियंत्रक संजीव कुमार को शिकायतीपत्र देकर दोबारा परीक्षा कराने का अनुरोध किया है।
निदेशक ने पत्र के माध्यम से परीक्षा नियंत्रक को बताया कि महाविद्यालय में बीएससी कृषि आनर्स दूसरे व छठे सेमेस्टर की प्रयोगात्मक परीक्षा के लिए धामपुर के एक प्रोफेसर को परीक्षक नामित किया गया था। 12 नवंबर को उन्होंने परीक्षा कराई। आंतरिक परीक्षक ने अंक अपलोड करने के लिए बाहरी परीक्षक से बार-बार आग्रह किया। उन्होंने मना करते हुए बाद में ओटीपी देने की बात कही। वह प्रयोगात्मक परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं भी साथ ले गए। रात 8:30 बजे तक कई बार कॉल करने के बाद भी बाहरी परीक्षक ने ओटीपी नहीं दिया।
कॉलेज प्रशासन का दावा है कि परीक्षा प्रक्रिया की पूरी वीडियोग्राफी उनके पास है। निदेशक ने आरोप लगाया कि विद्यार्थियों को कम अंक देने की बात कहकर बाहरी परीक्षक ने रुपये की मांग की। ऐसे में अब महाविद्यालय ने प्रयोगात्मक परीक्षा निरस्त करने और दूसरा परीक्षक नियुक्त करके दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है। मामले में परीक्षा नियंत्रक ने कुलपति को पत्र अग्रसारित करने के साथ ही जरूरी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। संवाद