बरेली। दिनोंदिन घना हो रहा कोहरा जनजीवन को प्रभावित करने लगा है। लुढ़कते पारे से ठंड बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान में 2.6 तो न्यूनतम पारे में एक डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम और न्यूनतम पारे में सिर्फ छह डिग्री का अंतर रहा। दृश्यता कम होने से बंगलूरू की फ्लाइट करीब 40 मिनट की देरी से बरेली आई। इससे पहले बुधवार को भी कोहरे की वजह से मुंबई की फ्लाइट को लैंडिंग सिग्नल नहीं मिल सका था। आसमान में पांच चक्कर मंडराने के बाद उसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया था।
बुधवार देर रात से ही शहर पर घना कोहरा मंडराने लगा था। न्यूनतम पारा एक डिग्री लुढ़कने के बावजूद सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज हुआ। बृहस्पतिवार की सुबह कोहरे की चादर में लिपटी रही। दोपहर 12 बजे तक शहर में दृश्यता सौ से डेढ़ सौ मीटर तक दर्ज की गई। हल्की तेज हवा चलने पर कोहरा छंटा और सूरज चमका। अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री कम 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर दिन भर सौ फीसदी रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग से जारी बुलेटिन के अनुसार अभी कोहरे का दौर जारी रहेगा। लिहाजा, पारा में गिरावट होगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. अतुल कुमार के मुताबिक अगले दो दिन सुबह-शाम घने कोहरे का सामना करना होगा। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पछुआ हवा में तेजी आएगी। इसके प्रभाव से कोहरे के घनत्व में आंशिक कमी आएगी। अनुमान जताया है कि आगामी 4-5 दिनों तक तापमान में क्रमिक गिरावट जारी रहेगी। न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक कमी आ सकती है। दिन में भी हवा हल्की ठंड का अहसास कराएगी।
फ्लाइट डायवर्ट होने की आशंका जताते रहे यात्री
सुबह घना कोहरा होने से बृहस्पतिवार को भी बरेली एयरपोर्ट पहुंचे यात्री फ्लाइट के डायवर्ट होने की आशंका जताते हुए चर्चा करते रहे। हालांकि, बंगलूरू की फ्लाइट के उड़ान भरने की सूचना पर राहत की सांस ली। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक बरेली में घना कोहरा होने से बंगलूरू से विमान ने आधे घंटे देरी से उड़ान भरी। दोपहर पौने तीन बजे बरेली एयरपोर्ट पहुंचकर यहां से भी विमान देरी से उड़ा।
बीते पांच दिन का तापमान
तिथि अधिकतम न्यूनतम
14 नवंबर 23.3 17.5
13 नवंबर 25.9 18.8
12 नवंबर 27.8 17.6
11 नवंबर 28.8 18.1
10 नवंबर 28.8 17.9
09 नवंबर 28.7 18.0
नोट : तापमान डिग्री सेल्सियस में, मौसम विभाग से प्राप्त।
मौसम इनपुट
23.3
17.5
सुबह-शाम हल्का, घना कोहरा छाएगा। हल्की धूप निकलेगी।
सूर्याेदय 6:35
सूर्यास्त 5:19
अमर उजाला ब्यूरो