होली पर एनईआर ने काठगोदाम से हावड़ा जाने और हावड़ा से नैनीताल जाने वालों के लिए रेल प्रशासन ने बाघ एक्सप्रेस (13019/13020) में एक अतिरिक्त कोच की व्यवस्था की है। अभी तक इस ट्रेन में 16 कोच होते हैं लेकिन 22 मार्च तक यह ट्रेन 17 कोच के साथ दौड़ेगी।
रेलवे के उच्चपदस्थ अधिकारियों के मुताबिक हावड़ा-काठगोदाम- हावड़ा एक्सप्रेस में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक अस्थाई कोच लगाने की व्यवस्था की गई है। हावड़ा-काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस (13019) में यह अस्थाई अतिरिक्त कोच लगाया जा चुका है, जो कि 20 मार्च तक जुड़ा रहेगा। इसके अलावा काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस (13020) में बीती नौ मार्च को यह अस्थाई अतिरिक्त कोच लगाया गया, जो 22 मार्च तक जुड़ा रहेगा। यहां बता दें कि अब यह ट्रेन सामान्य श्रेणी (अनारक्षित श्रेणी) के सात कोच, स्लीपर के सात कोच, एक एसी टू टायर और दो एसी थ्री टायर के साथ दौड़ेगी।
आज रद्द रहेगी जनसेवा एक्सप्रेस
बरेली। कोच की अनुपलब्धता के चलते 11 मार्च को बरेली आने वाली जनसेवा एक्सप्रेस (15209) रद कर दी गई है। यह ट्रेन सहरसा से लखनऊ-बरेली के रास्ते अमृतसर को जाती है। यह ट्रेन सहरसा से 08.45 बजे चलकर दूसरे दिन बरेली 05.10 बजे पहुंचती है। रेलवे सूत्रों के मुताबिक 11 मार्च को यह ट्रेन केवल सहरसा से हाजीपुर तक के लिए ही चलाई जाएगी।