बरेली। विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता (33 केवी वर्टिकल) महावीर सिंह को प्रबंध निदेशक रिया केजरीवाल ने निलंबित कर दिया है। निलंबन के दौरान महावीर सिंह को मुख्य अभियंता (वितरण) अयोध्या के कार्यालय से संबद्ध किया गया है। अधिशासी अभियंता के रिश्वत लेते हुए दो वीडियो वायरल हुए थे। प्रथम दृष्टया जांच में उन्हें दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने और निगम की छवि धूमिल करने का दोषी पाया गया है।
अधिशासी अभियंता महावीर सिंह का 17 मई को एक वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो उसके कार्यालय का ही था। इसमें वह विद्युत निगम के ठेकेदार नाजिम से एक लाख रुपये लेते दिख रहा है। हालांकि, ठेकेदार ने यह कहकर उसे बचाने की कोशिश की थी कि उसने यह रुपये उधार लिए थे जो बाद में लौटा दिए।
मुख्य अभियंता ज्ञान प्रकाश ने जांच के लिए दो सदस्यों की कमेटी बना दी। जांच पूरी होने से पहले ही 21 मई को महावीर सिंह का एक और वीडियो वायरल हुआ। इसमें वह फाइल पर हस्ताक्षर करने के बदले लिफाफा लेता दिख रहा है। इसके अलावा 33 केवी लाइनों की मरम्मत में लापरवाही समेत उसके खिलाफ अन्य शिकायतें भी थीं।
अधिशासी अभियंता पर महिला कर्मचारियों के साथ अशोभनीय व्यवहार का भी आरोप है। वायरल वीडियो और अन्य शिकायतों का संज्ञान लेते हुए प्रबंध निदेशक ने उस पर कार्रवाई कर दी। संवाद