पाइप लाइन टूटने से सड़क पर बहता पानी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
बरेली। राजेद्र नगर ए ब्लॉक के शहीद पंकज अरोड़ा पार्क के पूर्वी गेट पर शनिवार को गैस पाइप लाइन बिछाने के लिए खुदाई करते वक्त पानी की सप्लाई लाइन टूट गई। लाइन टूटते ही में आसपास की सड़कें दूर पानी से भर गईं। राहगीरों का निकलना मुहाल हो गया। निगम के पार्षदों ने इस पूरे प्रकरण की शिकायत नगर आयुक्त और मेयर से की है।
पार्षद सतीश चंद्र कातिब की शिकायत पर नगर आयुक्त ने तुरंत मौके पर टीम भेजकर बह रहे पानी को बंद करवाने की बात कही। उन्होंने संबंधित गैस एजेंसी के ठेकेदार पर भी कार्रवाई करने की बात कही। पार्षद ने कहा कि इस तरह की खुदाई के लिए अनुमति देने के पूर्व संबंधित ठेका कंपनी के अधिकारियों को इस पूरे क्षेत्र के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए। देर शाम जलकल विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर पाइप लाइन की मरम्मत शुरू कर दी। एई तारकेश्वर पांडेय ने बताया कि गैस पाइप लाइन बिछाने वाली संबंधित ठेका कंपनी को नोटिस जारी किया जा रहा है। नुकसान का आकलन भी किया जाएगा। जरूरी हुआ तो ठेका कंपनी पर एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।