बरेली। राधा माधव पब्लिक स्कूल में शनिवार को अभिभावकों ने हंगामा किया। प्रबंधन पर आरोप लगाया कि कक्षा नौ से 10वीं और 11वीं से 12वीं में पदोन्नत किए गए छात्रों को यूनिट टेस्ट में फेल बताकर दोबारा पिछली कक्षा में पढ़ने या फिर स्कूल से स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) लेने के लिए कह दिया गया। छात्रों ने बताया कि उन्हें अप्रैल में प्रोन्नत किया गया था।
इसके बाद, मई के पहले सप्ताह में अचानक यूनिट टेस्ट आयोजित किए गए और इसमें फेल होने के कारण उन्हें पिछली कक्षाओं में धकेला जा रहा है। इससे उनका एक वर्ष बर्बाद हो जाएगा।
अभिभावकों ने भी स्कूल प्रबंधन के इस रवैये पर आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि जब छात्रों को पहले ही अगली कक्षा में भेज दिया गया था तो अब उन्हें इस तरह से वापस करना सरासर गलत है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
कहा कि इस निर्णय से छात्रों के मनोबल पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और उनकी पढ़ाई में भी बाधा आएगी। अभिभावकों ने बताया कि प्रबंधन की ओर से अगले महीने एक और परीक्षा देने के लिए कहा जा रहा है। इसमें पास होने पर उन्हें अगली कक्षा में पढ़ाई जारी रखने की अनुमति दी जाएगी।
स्कूल प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुई। संवाद