बरेली के महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से कैंपस में संचालित पाठ्यक्रमों के लिए संभावित डेटशीट जारी कर दी गई है। ये परीक्षाएं 15 मई से शुरू होकर आठ जून को समाप्त होंगी। इन परीक्षाओं को दो भागों में विभाजित किया गया है। पुराने पाठ्यक्रम की परीक्षाएं तीन घंटे व नए कोर्स की परीक्षा 11 से एक बजे यानी दो घंटे तक आयोजित की जाएंगी।
विश्वविद्यालय परिसर में संचालित पाठ्यक्रम बीए, बीएससी एग्रीकल्चर, बीएमएस, बीएमएम, बीटेक, एमटेक-पीएचडी, बीफार्मा, एमफार्मा, एमसीए, एमबीए, एमए, एमएससी, एमएसडब्ल्यू, बीएड, एमएड, एलएलएम व अन्य डिप्लोमा कोर्स की मुख्य एवं बैक परीक्षाएं 15 मई से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी संभावित डेटशीट के अनुसार, एमए अर्थशास्त्र, इतिहास, मनोविज्ञान, एमएसडब्ल्यू, अंग्रेजी, बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर के द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 मई से होंगी।
इंजीनियरिंग की परीक्षाओं का कार्यक्रम
बीटेक इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन, केमिकल, सीएसआईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, मैकेनिकल, बीएचएमटी के द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं 15 मई से 11 से दो बजे तक की पाली में कराई जाएंगी। इंजीनियरिंग डिप्लोमा की परीक्षाएं 15 मई से 11 से एक बजे की पाली में होंगी। एमटेक, एमटेक-पीएचडी, बीए हेल्थ इकोनॉमिक्स, बीएड, एमए (फाइनेंशियल इकोनॉमिक्स, मनोविज्ञान, अंग्रेजी, दर्शनशास्त्र) एमएड चतुर्थ सेमेस्टर, एमएसडब्ल्यू, पीजी डिप्लोमा (एंटरप्रेन्योरशिप, वुमन एंपावरमेंट, मास कम्युनिकेशन), एमसीए, एमएससी, पीजीडीसीए, इंजीनियरिंग डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा योग की परीक्षा 16 मई से शुरू होंगी।
बीएड, बीफार्मा, एमएड, एमफार्मा (फार्मास्युटिकल केमिस्ट्री, फार्मास्युटिक्स, फार्माकोलॉजी) एमएससी माइक्रोबायोलॉजी, प्लांट साइंस, एमएसडब्ल्यू की परीक्षाएं 18 मई से होंगी। एमएससी एनिमल साइंस, डिप्लोमा (मंदारिन, जर्मन, फ्रेंच, स्पेनिश), बीएमएस, एमबीए एग्जीक्यूटिव, एमबीए सामान्य, एमबीए मार्केटिंग, एमसीए, एमएससी फिजिक्स, केमिस्ट्री व मैथ्स की परीक्षाएं 18 मई से शुरू होगी। रुविवि कैंपस में परीक्षाओं का समापन आठ जून को होगा। सबसे आखिरी में एमबीए के पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं समाप्त होगी।
बरेली कॉलेज में नौ मई को पीजीटी के साथ पड़ा विश्वविद्यालय परीक्षा का सेंटर
बरेली कॉलेज में नौ व दस मई को पीजीटी की परीक्षा आयोजित होनी है। इसके लिए महाविद्यालय में दो सेंटर बनाए गए हैं। इसी दिन रुहेलंखड विश्वविद्यालय की भी परीक्षा होनी है। ऐसे में महाविद्यालय के समक्ष परीक्षा कराने की चुनौती है। बरेली कॉलेज के परीक्षा नियंत्रक प्रो. एके सिंह ने बताया कि पीजीटी परीक्षा कालीबाड़ी गेट से बैरियर तक बीएड, बीबीए व एलएलबी ब्लॉक में कराई जा सकती है। इसकी दोनों पालियों में करीब 1600 परीक्षार्थी शामिल होंगे। वहीं, रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रथम पाली में 1800 विद्यार्थियों की है। शेष दो पालियों में 400-500 विद्यार्थियों की परीक्षा है।