बरेली। बरेली एमआरआई में चिंगारी से आग लगने की दूसरी घटना के बाद परिसर की भौगोलिक स्थिति और सुरक्षा मानकों पर सवाल उठ रहे हैं। लिहाजा, अग्निशमन विभाग ने फिर एनओसी की समीक्षा का निर्णय लिया है। सीएफओ खुद स्थलीय जांच करेंगे।
बृहस्पतिवार दोपहर बरेली एमआरआई में एसी की मरम्मत के दौरान फाॅल्ट होने से परिसर में धुआं भर गया था। बेसमेंट के वेटिंग रूम से लेकर अल्ट्रासाउंड व एमआरआई कक्ष में जांच के लिए आए मरीजों और तीमारदारों को सांस लेने में दिक्कत हुई। खतरा भांपकर वे बाहर आ गए थे। कर्मचारियों ने अग्निशमन सिलिंडरों से थोड़ी देर में हालात काबू कर लिए। सेंटर प्रबंधन ने इसे मामूली घटना बताया था।
चूंकि, यह सेंटर रामपुर गार्डन जैसी पॉश कॉलोनी में छोटी सी जगह में बना हुआ है और बेसमेंट से लेकर ऊपर की दो मंजिल तक अलग-अलग जांच की मशीन लगी हैं। यहां लोगों की भीड़ रहती है। ऐसे में यहां इस तरह की घटना होने से पुलिस प्रशासन के अधिकारी भी हैरत में हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि वह खुद स्थलीय जांच कर मानक परखेंगे। वर्तमान में लोगों की आवाजाही की समीक्षा करेंगे। अगर जगह संकुचित होगी या निकास एक ही होगा तो इस बारे में विभागीय नियमावली के आधार पर कार्रवाई को लेकर विचार किया जाएगा।