बरेली में एक पूर्व सैनिक ने पढ़ाने की सनक में दो छात्रों को खौफनाक सजा दी। सवाल का सही जवाब नहीं दे पाने पर उसने दोनों छात्रों को उल्टा लटका दिया। आरोप है कि छात्रों की पिटाई भी की गई। आरोपी के खिलाफ कैंट थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
बरेली के उच्च प्राथमिक विद्यालय भरतौल में घुसकर पूर्व सैनिक ने दो छात्रों को खिड़की के सहारे उल्टा लटका दिया। विरोध पर शिक्षिकाओं व एक छात्र की मां से अभद्रता कर दी। मामले में अभिभावकों और शिक्षिकाओं की ओर से तहरीर मिलने के बाद कैंट थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटनाक्रम सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे शुरू हुआ। तब भरतौल गांव निवासी 75 वर्षीय पूर्व सैनिक बगैर अनुमति के विद्यालय परिसर में घुस आया। उसने सीधे कक्षाओं में प्रवेश किया और वहां मौजूद बच्चों को पढ़ाना व डांटना शुरू कर दिया। कक्षा आठ के दो छात्रों को जवाब न दे पाने पर खिड़की के सहारे उल्टा लटकने का आदेश दिया।
पैर खिड़की पर लगाकर दोनों छात्र सिर के बल लटक गए। बताते हैं कि यह देखकर स्कूल की शिक्षिकाओं ने बुजुर्ग को टोका तो उसने उनसे भी अभद्रता कर दी। उल्टा लटके दोनों छात्रों की पिटाई भी की गई। इससे दोनों छात्र सहम गए। तब आरोपी बड़बड़ाता हुआ वहां से चला गया।
छात्र के पिता और शिक्षिका ने दी तहरीर
एक छात्र के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि आरोपी ने पहले उनके बेटे को स्कूल में पीटा। फिर आरोपी उनके घर भी आ गया और उनकी पत्नी से अभद्रता कर भाग गया। स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने भी कैंट थाने में तहरीर दी है। इसमें विद्यालय की सुरक्षा और बच्चों के भविष्य को लेकर चिंता जताई गई है।
Trending Videos
अफसर बेटा-बेटी बाहर, सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी को पढ़ाने का शौक
कैंट थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस को मौके पर भेजकर जांच कराई है। पता लगा है कि आरोपी सेना के इंजीनियरिंग विभाग में सूबेदार पद से सेवानिवृत्त है। उसके बेटा और बेटी अधिकारी हैं और दूसरे शहरों में रहते हैं। वह खुद अकेला रहता है और शरीर से कमजोर है। कानों से कम सुनता है। उसे बच्चों को पढ़ाने का शौक है और इसी धुन में उसने यह हरकत कर दी। उच्चाधिकारियों से बात कर कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा से भी अभद्रता करने का आरोप
आरोप है कि मंगलवार सुबह नौ बजे जब एक छात्रा स्कूल आ रही थी, तब आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया। उसे जबरदस्ती अपने घर आकर पढ़ने के लिए दबाव बनाने और धमकाने लगा। सहमे बच्चों ने विद्यालय आने से मना कर दिया है।
बीएसए डॉ. विनीता ने बताया कि उन्हें किसी शिक्षक या अधीनस्थ ने भरतौल विद्यालय के इस घटनाक्रम के बारे में जानकारी नहीं दी है। बिना अनुमति विद्यालय में कोई कैसे घुसा, इसकी जानकारी करके कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। साथ ही विद्यालय में उपस्थित शिक्षकों से भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा।