चार दिन से भोजीपुरा के कोविड अस्पताल में थे भर्ती
बरेली। कोरोना संक्रमित होने के बाद चार दिन से भोजीपुरा के कोविड अस्पताल में भर्ती प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री व कैंट विधायक राजेश अग्रवाल को सांस लेने में तकलीफ होने पर शनिवार देर रात हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। 75 वर्षीय राजेश अग्रवाल को अब दिल्ली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है।
राजेश अग्रवाल और उनके परिवार के चार सदस्यों को 15 जुलाई को संक्रमित पाया गया था। इसके बाद पांचों लोगों को भोजीपुरा के कोविड एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि चार दिन इलाज के बाद भी पूर्व वित्त मंत्री के स्वास्थ्य में कोई खास सुधार नहीं हुई। कोविड अस्पताल से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम को अचानक उन्हें गले में खराश के साथ सांस लेने में कुछ तकलीफ हुई। कोविड अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया मगर परिवार के लोगों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर करने को कहा। इसके बाद रात में ही उन्हें दिल्ली रेफर कर दिया गया। उनके परिवार के दूसरे सभी संक्रमित सदस्य कोविड एल-2 अस्प्ताल में ही भर्ती हैं।