बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने बुधवार को कहा कि कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने हिंदू समाज के लोगों को आईना दिखाने वाली बात कही है। हर व्यक्ति को चाहिए कि अपने बच्चों को धार्मिक शिक्षा दे।
दरअसल, कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने सोमवार को कानपुर के जाजमऊ में कहा था कि अगर हिंदुओं के बच्चे 99 प्रतिशत हिंदू नहीं हैं, तो इसके पीछे की वजह है कि हम अपने बच्चों को रामायण और गीता का ज्ञान नहीं दे रहे। धर्म परिवर्तन वही लोग कर रहे हैं, जिन्हें अपने धर्म के बारे में ज्ञान नहीं है।
मौलाना ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होते ही सपा ने चुनाव आयोग से शिकायत की। सपा हमेशा जाति और धर्म की राजनीति करती है। बुर्का के संबंध में भी आयोग ने आदेश दिया था कि उन महिलाओं की बूथ पर पहचान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता करेंगी। इसके बावजूद सपा की आपत्ति भ्रमित करने वाली है। एआईएमआईएम के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि बिहार में सभी सीटों पर उनको अपना उम्मीदवार उतारना चाहिए था। तभी वहां मुस्लिम सीएम बन पाता। ब्यूरो