बिथरी चैनपुर। रजऊ परसपुर स्थित एसजी इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग के जीएनएम द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों ने अव्यवस्थाओं को लेकर मंगलवार को हंगामा किया। आरोप लगाया कि फीस लेने के बाद भी सुविधाएं नहीं दी जा रहीं हैं। उन्होंने प्राचार्य को हटाने की मांग की।
संतोष, विशेष, नितिन, दीपिका आदि विद्यार्थियों ने बताया कि प्रवेश के समय जो दावे किए गए थे, उसके मुताबिक सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। प्राचार्य से शिकायत करने पर वह सुनवाई करने की जगह उल्टा अभद्रता करती हैं। आए दिन शिक्षक बदल दिए जाते हैं। इस वजह से भी पढ़ाई पर नकारात्मक असर पड़ता है।
यहां बनी प्रयोगशाला कभी खुलती नहीं है। उपकरणों पर धूल की मोटी परत है। पक्षी मरे पड़े हैं। लैब में रखे कंप्यूटर कभी चलाए नहीं जाते। दो माह से सभी छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बाधित चल रही है।
प्रदर्शनकारियों ने खामियों का वीडियो भी बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। अब यह वायरल हो रहा है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है। प्रदर्शनकारी छात्रों ने प्राचार्य को हटाने की मांग की। संवाद
हटाए गए शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भड़काया : प्रबंधक
काॅलेज के प्रबंधक एके अग्रवाल ने बताया जो भी आरोप लगाए गए हैं, वे गलत हैं। तीन शिक्षकों को अपना काम सही से न करने पर हटाया गया था। वह वापस नौकरी पर रखने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने ही विद्यार्थियों को भड़काया है। इन सभी छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को भी बुलाया गया है।