परिणाम जारी करने के बाद परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करेगा विवि
बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय में मूल्यांकन का कार्य लगभग 75 प्रतिशत पूरा हो गया है। अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने 15 अक्तूबर के बाद परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।
कोरोना संक्रमण के चलते रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों में विभिन्न पाठ्यक्रमों में अंतिम वर्ष और अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं को अगली कक्षा में प्रोन्नत कर दिया गया है। इसमें सिर्फ उन्हीं कक्षाओं के छात्र-छात्राएं प्रोन्नत नहीं हुए, जिनके एक भी विषय का पेपर नहीं हुआ है। अब मूल्यांकन के बाद अंतिम वर्ष और अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का परीक्षा परिणाम घोषित करने की तैयारी है। इसको लेकर विश्वविद्यालय में मूल्यांकन कार्य तेजी से हो रहा है। बीएससी, बीकॉम, एमकॉम और एमबीबीएस का मूल्यांकन पूरा कर लिया गया है। अन्य पाठ्यक्रमों में भी लगभग 75 प्रतिशत मूल्यांकन कार्य हो चुका है। साथ परीक्षा परिणाम भी बनाया जाने लगा है। विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ. अमित सिंह के मुताबिक 15 अक्तूबर के बाद परीक्षा परिणाम जारी होने शुरू हो जाएंगे। इसके बाद परास्नातक कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू कर दी जाएगी।