बरेली एसटीएफ ने लखीमपुर में साथी कातिया समेत पकड़ा
विज्ञापन
कन्नौज पुलिस ने घोषित किया था 25 हजार ईनाम
बरेली। एसटीएफ ने लखीमपुर खीरी में हुई 125 भेड़ों की लूट और जानवर चोरी के मामले में एटा के अलीगंज निवासी इनामी बदमाश छिदुआ और उसके साथी शाहिद को गिरफ्तार कर लिया। छिदुआ ने कन्नौज के तालगांव इलाके में एक कार लूट की घटना को भी अंजाम दिया था, जिसमें उस पर पच्चीस हजार का इनाम था।
बुधवार को बरेली एसटीएफ प्रभारी अजयपाल सिंह की टीम ने लखीमपुर खीरी में गुडवर्क किया। टीम ने लखीमपुर के कई क्षेत्रों में हुई बाड़े से 125 भेड़ों की लूट और दूसरे जानवर चोरी के मामले में एटा के अलीगंज थाना क्षेत्र के मोहल्ला अंसारी निवासी 25 हजार के ईनामी बदमाश छिदुआ पुत्र मुंशी हड्डा और उसके साथी अलीगंज के ही नगरिया चमन निवासी शाहिद उर्फ कातिया को गिरफ्तार कर कई घटनाओं का खुलासा कर दिया। बदमाशों के पास से अपाचे बाइक और दो तमंचे मय कारतूस के बरामद किए। शातिर छिदुआ ने पिछली साल कन्नौज के तालगांव इलाके में एक कार लूट की थी। गिरफ्तारी न होने पर छिदुआ पर पच्चीस हजार रुपये का ईनाम था। लखीमपुर में भेड़ लूट और जानवर चोरी में छिदुआ का नाम आने के बाद से एसटीएफ उसकी तलाश में लगी थी। इन लोगों ने बरेली के रिछा कस्बे के वार्ड चार निवासी असलम पहलवान को यह भेड़ें कम दाम में बेच दी थीं। सर्विलांस से सुराग मिलने के बाद एसटीएफ इनके पीछे लगी थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर टीम ने खीरी कोतवाली क्षेत्र के रुद्रपुर तिराहे से शातिर छिदुआ और उसके साथी शाहिद उर्फ कातिया को दबोच लिया। इन्हें खीरी की जेल में भेजा गया है।