दो धमकियों के बाद मेयर उमेश गौतम ने ऑफिस के बाहर नोटिस चस्पा करा दिया है। जिसपर साफ लिखा हुआ है कि शस्त्र लेकर कार्यालय के अंदर आना मना है। यह संदेश उन लोगों के लिए है, जो मेयर के पास अपनी फरियाद लेकर पहुंचते हैं। इस परिधि से उन्होंने अपने गनरों को बाहर रखा हुआ है। वहीं पुलिस ने खत में लिखी जानकारियों की जांच शुरू कर दी, लेकिन उसमें लिखे हिस्ट्रीशीटर और बदमाशों तक नहीं पहुंच सकी है।
बता दें कि मेयर उमेश गौतम को पहले भी स्विट्जरलैंड से ईमेल के जरिये हमले की धमकी मिल चुकी है। यह धमकी किस आईपी एड्रेस से भेजी गई, उस सोर्स तक भी पुलिस नहीं पहुंच सकी। इसी बीच बुधवार को मेयर ने एसएसपी कार्यालय एक पत्र भेजा, जिसमें लिखा गया कि उनके एक शुभचिंतक ने उन्हें खत लिखकर आगाह किया कि आपकी हत्या के लिए सुपारी दी गई है। खत भेजने वाले राहुल सक्सेना ने अपनी जानकारी गोपनीय रखी थी। खत में सिटी मालगोदाम मोहल्ला मलूकपुर के रहने वाले हिस्ट्रीशीटर सहित दो बदमाशों के नामों का भी उल्लेख किया है। इसके अतिरिक्त बीकानेर होटल के पीछे अनाथालय की जमीन पर दो भूमाफिया कब्जा करने का मामला भी उजागर किया गया। एसएसपी ने जांच सीओ सिटी कुलदीप कुमार और सीओ एलआईयू यशवंत सिंह को सौंपी, लेकिन वह किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सके हैं।