आंवला/बिशारतगंज। इस्माइलपुर गांव में निर्माणाधीन इथेनॉल डिस्टलरी में घुसकर मजदूरों को धमकाने और इंजीनियर का अपहरण करने के मामले में डायरेक्टर की तहरीर पर दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
दर्ज कराई रिपोर्ट में एसएनजे बाॅयो प्रोडक्ट प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर कुणाल जिंदल ने बताया कि कंपनी की ओर से 75 केएलडीपी इथेनॉल प्रोडक्शन प्लांट का निर्माण कराया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना में से एक है। बीते दिनों आशीष राठौर नाम का एक व्यक्ति निर्माण साइट पर आया। उसने वहां काम कर रहे मजदूरों से गालीगलौज करते हुए धमकी दी।
दो दिन बाद वह अपने साथी अभय प्रताप सिंह व अन्य लोगों के साथ आया। काम कर रहे मजदूरों को जान से मारने की धमकी दी। हथियारों के बल पर एक इंजीनियर को अपने साथी गाड़ी में बैठाकर ले गए। थोड़ी दूर ले जाने के बाद उसे छोड़ दिया। पीछे से पहुंचे दूसरे साथी इंजीनियर को लेकर आए। आरोपियों ने मालिक को भी जान से मारने की धमकी दी। बताया जा रहा है कि आरोपी एक जनप्रतिनिधि के करीबी हैं।
प्रभारी निरीक्षक शितांशु शर्मा ने बताया कि बदायूं के थाना मूसाझाग के गांव सैजनी के रहने वाले अभय प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।