बरेली। बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत कराए गए कार्यों की गुणवत्ता को परखने के लिए बृहस्पतिवार को मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के मुख्यालय से अभियंताओं की टीम शहर पहुंची। टीम ने सीबीगंज और परसाखेड़ा में स्मार्ट मीटर चेक किए। बिजली लाइनों के सुधार विस्तार के लिए कराए गए कार्य देखे। टीम शुक्रवार और शनिवार को बिजनेस प्लान 2023-24, एडिशनल बिजनेस प्लान, नगर निगम विस्तारीकरण योजना में कराए गए कार्य देखेगी।
मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के आंवला, ग्रामीण क्षेत्र के विद्युत वितरण खंड प्रथम, नगरीय क्षेत्र के विद्युत वितरण खंड प्रथम और द्वितीय के लिए मुख्यालय से तीन दिन के लिए जिले में अभियंता भेजे गए हैं। लखनऊ से आए अधिशासी अभियंता अरविंद सिंह ने नगरीय क्षेत्र के विद्युत वितरण खंड प्रथम तथा विद्युत वितरण खंड द्वितीय में अधिशासी अभियंता अमित मेहरोत्रा ने निरीक्षण किया।
उनके साथ स्थानीय अभियंता भी रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने फोटोग्राफी की। उन मानकों को मौके पर देखा, जिनका एस्टीमेट में प्रावधान है। अभियंता अपनी रिपोर्ट मुख्यालय को देंगे। अगर कार्य की गुणवत्ता खराब निकलती है तो जिम्मेदारी तय होगी। ब्यूरो